
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के दुबग्गा सिटी बस डिपो में शुक्रवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब सिटी ट्रांसपोर्ट के चालक-परिचालकों और अन्य कर्मचारियों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। आउटसोर्सिंग व्यवस्था, समय पर वेतन न मिलने और कार्य परिस्थितियों को लेकर नाराज कर्मचारियों ने बस संचालन पूरी तरह बंद कर दिया।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने डिपो परिसर में जमकर नारेबाजी की और चक्का जाम कर दिया। कर्मचारियों का आरोप है कि लंबे समय से उन्हें समय पर वेतन नहीं मिल रहा है, जबकि आउटसोर्सिंग व्यवस्था के कारण नौकरी की सुरक्षा भी प्रभावित हो रही है। कर्मचारियों ने कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया।
बस संचालन बंद होने से राजधानी के कई रूट प्रभावित हो गए। ऑफिस जाने वाले लोगों, छात्रों और दैनिक यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई बस स्टॉप पर यात्री घंटों बसों का इंतजार करते नजर आए।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। वहीं मौके पर पहुंचे पुलिस और परिवहन विभाग के अधिकारियों ने कर्मचारियों को समझाने का प्रयास किया और वार्ता के जरिए मामला शांत कराने की कोशिश की।
परिवहन निगम मुख्यालय पर तैनात प्रधान प्रबंधक, एम.आई.एस अमर नाथ सहाय के मुताबिक कर्मचारियों से बातचीत की जा रही है और जल्द ही समस्या का समाधान निकाल लिया जाएगा, ताकि बस संचालन सामान्य हो सके।
फिलहाल दुबग्गा डिपो से बस संचालन बंद रहने के कारण शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था प्रभावित बनी हुई है।