
दिनदहाड़े महिला से मंगलसूत्र लूट, तमंचे के बल पर तीन बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
अमेठी। जिले के दुर्गापुर मार्ग स्थित गुंगवाछ क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक महिला को तमंचे के बल पर आतंकित कर उसका मंगलसूत्र लूट लिया और फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तिवारीपुर गुंगवाछ निवासी सोनी गुप्ता अपनी बहन रूपा के साथ टीकरमाफी बाजार से खरीदारी कर घर लौट रही थीं। दोनों जैसे ही कंबल कारखाने के पास स्थित तालाब के निकट पहुंचीं, तभी एक बाइक पर सवार तीन युवक उनके पास आकर रुके। आरोप है कि बदमाशों ने तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और सोनी गुप्ता के गले से मंगलसूत्र छीन लिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़िता द्वारा शोर मचाने पर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक बदमाश काफी दूर निकल चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक श्रीराम पांडेय ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में लगाई गई हैं और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।