लखनऊ। उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने शुक्रवार को काशी स्टेशन एवं काशी-व्यासनगर रेलखंड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों, यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने काशी और व्यासनगर के बीच स्थित विभिन्न अंडरपासों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अंडरपासों की स्थिति, सुरक्षा प्रबंधों तथा यात्रियों और स्थानीय नागरिकों की सुविधाओं से जुड़े पहलुओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

डीआरएम ने काशी स्टेशन पर निर्माणाधीन एयर कॉनकोर्स परियोजना और नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) व्यवस्था की तैयारियों का भी निरीक्षण किया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार एयर कॉनकोर्स के फाउंडेशन निर्माण कार्य के लिए काशी स्टेशन की लाइन संख्या 3 और 4 पर 6 जून 2026 से 13 सितंबर 2026 तक 100 दिनों का यातायात ब्लॉक दिया गया है। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करते हुए कार्य को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद मंडल रेल प्रबंधक ने मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए कहा कि उत्तर रेलवे यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने काशी स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों और एयर कॉनकोर्स परियोजना को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी बृजेश कुमार यादव, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक रजनीश श्रीवास्तव, गति शक्ति परियोजना से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी तथा मंडल के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।