CHC जाने वाला मुख्य मार्ग बदहाल: मरीजों और एम्बुलेंस को रोज झेलनी पड़ रही परेशानी

बाराबंकी। रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को जाने वाला मुख्य मार्ग लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। सड़क की इंटरलॉकिंग ईंटें कई स्थानों से उखड़ चुकी हैं, जिससे पूरा रास्ता ऊबड़-खाबड़ हो गया है। मार्ग पर करीब चार स्थान ऐसे हैं, जहां गहरे गड्ढों और उखड़ी ईंटों के कारण ऑटो और ई-रिक्शा के पलटने का खतरा बना रहता है। इसका सबसे अधिक असर अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों पर पड़ रहा है, जिन्हें रोजाना भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

गंभीर मरीजों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों के लिए यह मार्ग किसी चुनौती से कम नहीं है। अस्पताल तक पहुंचने के दौरान उन्हें लगातार झटके सहने पड़ते हैं, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ जाती है। मरीजों को लाने-ले जाने वाली एम्बुलेंस भी इस जर्जर मार्ग पर हिचकोले खाते हुए गुजरने को मजबूर हैं, जिससे आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की मरम्मत को लेकर पिछले एक वर्ष से अधिकारियों के बीच केवल पत्राचार और लिखापढ़ी चल रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लगातार उपेक्षा के चलते सड़क की हालत और खराब होती जा रही है।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मरीजों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन को प्राथमिकता देते हुए रामनगर सीएचसी जाने वाले इस मुख्य मार्ग की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि मरीजों, तीमारदारों और आम लोगों को राहत मिल सके तथा संभावित हादसों पर भी रोक लगाई जा सके।