60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को मिलेगी निःशुल्क बस यात्रा, गाजीपुर में लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा का शुभारंभ


गाजीपुर, 26 अगस्त। उत्तर प्रदेश सरकार ने महिलाओं को सुरक्षित, सुगम और सम्मानजनक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा का शुभारंभ करते हुए विशेष बसों को फ्लैग ऑफ किया। योजना के तहत 60 वर्ष और उससे अधिक आयु की महिलाओं को परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी।
रक्षाबंधन के अवसर पर माताओं, बहनों और बेटियों के लिए विशेष निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके साथ महिला यात्री के साथ एक सहयात्री को भी निःशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई है। इससे महिलाओं को त्योहार के दौरान मायके और अन्य स्थानों तक आवागमन में आर्थिक राहत मिलेगी।
गाजीपुर के रायफल क्लब सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पंचायती राज एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने मुख्यमंत्री की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के पावन पर्व पर प्रदेश की माताओं और बहनों को दिया गया यह उपहार महिला सम्मान और सशक्तीकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
राजभर ने कहा कि 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को अनवरत निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा देना ऐतिहासिक और संवेदनशील पहल है। इससे वरिष्ठ महिलाओं को पारिवारिक, सामाजिक और आवश्यक कार्यों के लिए आवागमन में आर्थिक राहत मिलेगी और उनका जीवन अधिक सुगम होगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण को प्राथमिकता दे रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में महिलाओं और बेटियों के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सरकार का उद्देश्य प्रदेश की आधी आबादी को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने महिलाओं से अपनी बेटियों को शिक्षित करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
पंचायती राज मंत्री ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर का जीवन महिला शक्ति, लोकसेवा और जनकल्याण की प्रेरणा है। उनके नाम पर शुरू की गई लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा वरिष्ठ महिलाओं के सम्मान और सुविधा को समर्पित सार्थक पहल है। यह केवल निःशुल्क यात्रा की योजना नहीं, बल्कि प्रदेश की मातृशक्ति के प्रति सरकार की संवेदनशीलता और सम्मान का प्रतीक है।
उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर तीन दिनों तक महिलाओं को परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। महिला यात्री के साथ एक सहयात्री को भी निःशुल्क यात्रा की सुविधा दिए जाने से योजना और अधिक उपयोगी हो गई है।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत, जखनियां विधायक बेदी राम, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री की पहल की सराहना की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, सुभासपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राजभर, परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, डीसी एनआरएलएम, एआरएम रोडवेज सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।