
रामनगर (बाराबंकी)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को ऐतिहासिक श्री लोधेश्वर महादेवा धाम पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री करीब ₹542.41 करोड़ की लागत से तैयार 82 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र एवं स्वीकृति पत्र वितरित करेंगे तथा विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर हेलीपैड पर उतरने के बाद सबसे पहले भगवान श्री लोधेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन और रुद्राभिषेक करेंगे। इसके बाद वह जनसभा स्थल पहुंचकर सड़क, सिंचाई, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, नगर विकास, विद्युत समेत विभिन्न विभागों की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत योजना, महिला एवं बाल विकास तथा सामाजिक कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित करेंगे। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को प्रोत्साहन राशि तथा अन्य लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र भी वितरित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री के आगमन से पहले प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल, मंदिर परिसर और हेलीपैड का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस और पीएसी बल की तैनाती की गई है। पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में रखा गया है तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
जिलाधिकारी के अनुसार मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सभी विभागों को समय से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। पेयजल, विद्युत, चिकित्सा, स्वच्छता, पार्किंग और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि कार्यक्रम में आने वाले श्रद्धालुओं और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर श्री लोधेश्वर महादेवा धाम और आसपास के क्षेत्र को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। प्रशासन को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और लोगों के कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री का यह दौरा बाराबंकी जिले के विकास कार्यों को नई गति देने के साथ-साथ धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा देगा।