महादेवा से साधेंगे आस्था और विकास का संदेश, 20 जुलाई को आएंगे सीएम योगी


रामनगर (बाराबंकी)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 20 जुलाई को प्रस्तावित लोधेश्वर महादेव धाम, महादेवा आगमन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री के दौरे को सफल, व्यवस्थित और भव्य बनाने के उद्देश्य से महादेवा में भारतीय जनता पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, सुरक्षा व्यवस्था, स्वागत, जनसंपर्क, यातायात, पार्किंग, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष रामसिंह वर्मा ने की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का दौरा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है और सभी कार्यकर्ताओं को अनुशासन एवं समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा। उन्होंने पदाधिकारियों से समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने का आह्वान किया।
बैठक में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री एवं किसान नेता रामबाबू द्विवेदी ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पूरी सक्रियता से जुटा हुआ है। उन्होंने कहा कि लोधेश्वर महादेव धाम प्रदेश की आस्था का प्रमुख केंद्र है और मुख्यमंत्री के आगमन से क्षेत्र के विकास तथा धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि आगंतुकों के स्वागत, सुरक्षा और जनसुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।
बैठक में मुख्यमंत्री के स्वागत मार्ग, सभा स्थल, सुरक्षा व्यवस्था, वाहन पार्किंग, पेयजल, चिकित्सा सहायता, साफ-सफाई तथा जनसंपर्क अभियान पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। साथ ही अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्वागत को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया। सभी ने कहा कि संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की मेहनत से कार्यक्रम को भव्य और सफल बनाया जाएगा।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष अमित सिंह, विनय मिश्रा, संदीप रावत, सुशील वर्मा, शेखर हयारण, मोनू भास्कर, नवीन राठौर, ललित कुमार वर्मा, पप्पू सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर महादेवा और आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है। प्रशासनिक और संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां लगातार जारी हैं ताकि 20 जुलाई का कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।