सीएमएस ने जंकीपुरम में 7 एकड़ में फैले अत्याधुनिक कैंपस का किया उद्घाटन, एआई आधारित शिक्षा पर रहेगा विशेष फोकस

लखनऊ,सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (CMS) ने बुधवार को अपने नए जंकीपुरम कैंपस का भव्य उद्घाटन किया। उत्तर प्रदेश के विधायक डॉ. नीरज बोरा ने फीता काटकर कैंपस का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सीएमएस की संस्थापक-निदेशक डॉ. भारती गांधी, प्रबंधक प्रो. गीता गांधी किंगडन, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।

करीब 7 एकड़ में फैला यह अत्याधुनिक और पूर्णतः वातानुकूलित (एसी) कैंपस छात्रों को आधुनिक एवं भविष्य उन्मुख शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। कैंपस में एआई आधारित इंटरैक्टिव फ्लैट पैनल, आधुनिक स्मार्ट क्लासरूम, उन्नत शिक्षण सुविधाएं तथा प्रशिक्षित शिक्षकों की व्यवस्था की गई है।

सीएमएस प्रशासन के अनुसार अप्रैल से अब तक इस नए कैंपस में 600 से अधिक विद्यार्थियों का प्रवेश हो चुका है। जंकीपुरम और आसपास के क्षेत्रों के लिए यह कैंपस शिक्षा का एक प्रमुख केंद्र बनने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

मुख्य अतिथि डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि नया कैंपस शिक्षा के क्षेत्र में सीएमएस की उत्कृष्टता और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सीएमएस केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को संस्कारवान, जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक भी बना रहा है।

सीएमएस की संस्थापक-निदेशक डॉ. भारती गांधी ने कहा कि “हर बच्चा दुनिया की रोशनी है और हमारा दायित्व है कि उसे ऐसा वातावरण मिले, जहां वह ज्ञान, चरित्र और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सके।”

वहीं, प्रो. गीता गांधी किंगडन ने कहा कि नया कैंपस लखनऊ के हर क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने की सीएमएस की प्रतिबद्धता को मजबूत करेगा। उन्होंने बताया कि विद्यालय का पाठ्यक्रम, शिक्षण पद्धति और मूल्यांकन वैश्विक मानकों पर आधारित हैं तथा शिक्षा को अधिक प्रभावी बनाने के लिए एआई सहित आधुनिक तकनीकों का समुचित उपयोग किया जा रहा है।

हरियाली से भरपूर परिसर, आधुनिक बुनियादी सुविधाओं, एआई समर्थित शिक्षण प्रणाली और मजबूत शैक्षणिक टीम के साथ सीएमएस जंकीपुरम कैंपस क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए भविष्य की जरूरतों के अनुरूप शिक्षा का नया केंद्र बनने की दिशा में अग्रसर है।