प्रदेश के सभी ग्राम पंचायतों में हर शुक्रवार लगेगी ‘ग्राम चौपाल’: डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने दिए निर्देश

लखनऊ। यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने ग्राम्य विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश के सभी जनपदों की प्रत्येक ग्राम पंचायत में हर शुक्रवार नियमित रूप से ‘ग्राम चौपाल’ का आयोजन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्राम चौपाल जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी मंच बनेगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान संभव हो सकेगा। उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि चौपाल में प्राप्त शिकायतों और समस्याओं का यथासंभव मौके पर ही निस्तारण किया जाए। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव न हो, उनके लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर नियमित निगरानी की जाए तथा शिकायतकर्ताओं को प्रगति की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन और जनसेवा के संकल्प के अनुरूप प्रदेश सरकार गांव के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और नागरिकों को सम्मानजनक एवं सुखमय जीवन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए ग्राम चौपाल को जनसमस्याओं के समाधान का एक सशक्त माध्यम बनाया जा रहा है, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय या लखनऊ के चक्कर न लगाने पड़ें।

औपचारिक बैठक नहीं, जवाबदेह और संवेदनशील प्रशासन की पहचान बनेगी ग्राम चौपाल

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने स्पष्ट किया कि ग्राम चौपाल केवल एक औपचारिक बैठक नहीं होगी, बल्कि जवाबदेह, पारदर्शी और संवेदनशील प्रशासन की पहचान बनेगी। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे प्रत्येक शुक्रवार आयोजित होने वाली ग्राम चौपाल में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और अपनी समस्याएं, सुझाव तथा आवश्यकताएं सीधे संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखें। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रशासन गांवों तक पहुंचे और लोगों को त्वरित, सरल एवं प्रभावी सेवाएं उनके घर के नजदीक ही उपलब्ध कराई जाएं।

पेयजल, सड़क, आवास, मनरेगा समेत सभी प्रमुख योजनाओं की होगी समीक्षा

केशव प्रसाद मौर्य ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्राम चौपाल के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी की जाए। साथ ही पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि पेयजल, सड़क, आवास, स्वच्छता, मनरेगा, आजीविका, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, महिला सशक्तिकरण, कृषि तथा अन्य विकास कार्यों से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि ग्रामीणों को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।

नियमित ग्राम चौपाल से बढ़ेगा जनविश्वास, ग्रामीण विकास को मिलेगी नई गति

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य गांवों में सुशासन, विकास और जनविश्वास को और अधिक मजबूत करना है। प्रत्येक ग्राम पंचायत में नियमित रूप से ग्राम चौपाल आयोजित होने से प्रशासन और जनता के बीच विश्वास बढ़ेगा, समस्याओं का समयबद्ध समाधान होगा और ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने दोहराया कि जनता की संतुष्टि ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी भावना के साथ पूरे प्रदेश में ग्राम चौपाल व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा।