
लखनऊ। जैन समाज एवं इंदिरानगर जैन मंदिर की ओर से शुक्रवार को क्षमावाणी पर्व एवं विश्व अहिंसा दिवस श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर इंदिरानगर जैन मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी रही। भक्तों ने भगवान महावीर स्वामी का अभिषेक एवं पूजन कर विश्व शांति की कामना की।
कार्यक्रम मंदिर के अध्यक्ष पीके जैन एवं महामंत्री अभिषेक जैन की अगुवाई में संपन्न हुआ। दोपहर में पूज्य आचार्य श्री 108 सुबल सागर जी महाराज एवं उपाध्याय श्री 108 विहसंत सागर जी महाराज के सानिध्य में भगवान श्रीजी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा इंदिरानगर जैन मंदिर से शुरू होकर विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए भूतनाथ स्थित अहिंसा उपवन पार्क पहुंचकर संपन्न हुई।

शोभायात्रा में सबसे आगे जैन धर्म की पताका चल रही थी। इसके पीछे डीजे बैंड के साथ महिला और पुरुष श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए चल रहे थे। ‘श्रीजी की निकली सवारी, श्रीजी की लीला है न्यारी’ और ‘एक, दो, तीन, चार, जैन धर्म की जय-जयकार’ जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। सबसे पीछे भगवान श्रीजी का सुसज्जित रथ चल रहा था। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान की आरती उतारी।

भगवान श्रीजी के रथ पर अनमोल जैन (फतेहपुर), सनत कुमार इंद्र एवं माहेंद्र इंद्र मौजूद रहे। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान महावीर के अहिंसा और शाकाहार के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर आचार्य श्री ने शाकाहार के प्रचार-प्रसार का संदेश दिया। उन्होंने भगवान महावीर के अहिंसा और जीव मात्र के प्रति करुणा के सिद्धांतों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। खुशी जैन ने णमोकार मंत्र पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत किया। इसके बाद नेकल जैन ने ‘मेरे भगवान आए हैं…’ गीत पर नृत्य प्रस्तुत कर सभी की तालियां बटोरीं। पूजन विधि संजीव जैन ने संपन्न कराई।
मंदिर के महामंत्री अभिषेक जैन ने बताया कि 3 अक्टूबर को आचार्य श्री के सानिध्य में महामंडल विधान का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में अभिषेक जैन, महावीर गंगवार, बंटी जैन, शालू दीदी, प्रीति जैन, श्रद्धा जैन, नेम कुमार, अशोक कुमार जैन, धीरज कुमार एवं अनुरोध कुमार जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।