
पंकज चतुर्वेदी
बाराबंकी। सावन मास के तीसरे सोमवार पर प्रसिद्ध तीर्थस्थल लोधेश्वर महादेवा में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। रविवार शाम से ही प्रदेश के विभिन्न जिलों से श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। देर रात तक पूरा मेला क्षेत्र शिवभक्तों से खचाखच भर गया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर के कपाट अर्धरात्रि से ही खोल दिए गए। पट खुलते ही हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा और लंबी कतारों में खड़े श्रद्धालु बाबा लोधेश्वर महादेव का जलाभिषेक करने के लिए आगे बढ़ने लगे।
लोधेश्वर महादेव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए लखनऊ, उन्नाव, कानपुर, झांसी, उरई, जालौन, एटा, इटावा, मैनपुरी, कन्नौज, हमीरपुर, रायबरेली, सीतापुर, बहराइच, गोंडा और अयोध्या समेत प्रदेश के तमाम जिलों से श्रद्धालु दुपहिया और चौपहिया वाहनों से महादेवा पहुंचे। बड़ी संख्या में शिवभक्त ट्रेनों के माध्यम से बुढ़वल जंक्शन पहुंचे और वहां से महादेवा के लिए रवाना हुए। हजारों युवाओं ने डाक कांवड़ के जरिए भी बाबा लोधेश्वर के दरबार में पहुंचकर जलाभिषेक किया। भोर होते-होते मंदिर परिसर के साथ आसपास के मार्गों पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ती चली गई।
जालीदार बैरिकेडिंग के बीच लगी लंबी कतारें, रात से ही व्यवस्था में जुटा प्रशासन
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर परिसर में जालीदार बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई थी। लंबी कतारों में खड़े शिवभक्त जयघोष करते हुए बाबा के दरबार की ओर बढ़ते रहे। सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर प्रशासन और पुलिस के अधिकारी रविवार रात से ही मेला क्षेत्र में कैंप करते रहे। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने व्यवस्थाओं की निगरानी की। अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी, एसडीएम आकांक्षा गुप्ता, सीओ गरिमा पंत और तहसीलदार विपुल कुमार सिंह भी लगातार व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। वहीं इस दौरान मंडलायुक्त राजेश कुमार और डीआईजी अयोध्या रेंज सोमेन वर्मा ने श्री लोधेश्वर महादेवा, श्री बुढ़वा बाबा मंदिर श्री अवसानेश्वर महादेव मंदिर में हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा भी की।
प्रवेश द्वार पर एसडीएम आकांक्षा गुप्ता, एएसपी विकास चंद्र त्रिपाठी, सीओ गरिमा पंत और तहसीलदार विपुल कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ स्वयं व्यवस्था संभाले रहे। थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र यादव और महादेवा चौकी प्रभारी रजनीश पांडेय भी पुलिसकर्मियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहे। मेला क्षेत्र में छह सीओ, दो दर्जन से अधिक इंस्पेक्टर व थाना प्रभारियों के साथ हजारों पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एक पीएसी बटालियन को भी लगाया गया।
बुढ़वल जंक्शन पर भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
रेल मार्ग से महादेवा पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए बुढ़वल जंक्शन पर भी विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई। आरपीएफ प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि महादेवा जाने वाले मार्ग पर स्थित गेट संख्या-303 समेत पूरे स्टेशन परिसर में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया। स्टेशन के बाहर भी जवानों की ड्यूटी लगाई गई, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
जीआरपी प्रभारी दुर्गेश कुमार के अनुसार स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्र में लगातार गश्त की गई। संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखते हुए जवानों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सतर्क किया गया था। रेलवे स्टेशन से महादेवा जाने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए आरपीएफ, जीआरपी और स्थानीय पुलिस लगातार सक्रिय रही।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में जुटी रही पुलिस
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती रहा। यातायात पुलिस ने प्रमुख मार्गों और मेला क्षेत्र में मोर्चा संभाले रखा। वाहनों को व्यवस्थित तरीके से निकाला गया, ताकि जाम की स्थिति न बने और श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े। भीड़ बढ़ने के साथ पुलिसकर्मी लगातार यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करते नजर आए।
चिकित्सा शिविरों में श्रद्धालुओं को मिली निश्शुल्क स्वास्थ्य सुविधा
मंदिर परिसर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से होम्योपैथिक, आयुर्वेदिक और अंग्रेजी चिकित्सा के निश्शुल्क शिविर लगाए गए। डॉ. सौरभ सोनकर, डॉ. वेद प्रकाश, डॉ. लक्ष्मी और डॉ. प्रिया सिंह ने सहयोगी स्टाफ के साथ श्रद्धालुओं को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई। गर्मी और भारी भीड़ के बीच किसी श्रद्धालु को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्यकर्मी लगातार सक्रिय रहे।
पूर्व विधायक शरद अवस्थी ने कराया विशाल भंडारा
सावन के तीसरे सोमवार के अवसर पर रामनगर के पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी ने लोधेश्वर महादेव मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया। भंडारे में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान राजेश अवस्थी, ब्लॉक प्रमुख मोहित अवस्थी, गणेशपुर के कार्तिकेय पांडेय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
शिवमय नजर आई महादेवा नगरी
सावन के तीसरे सोमवार पर लोधेश्वर महादेवा में उमड़ी भीड़ ने बाबा के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का नजारा पेश किया। मंदिर परिसर से लेकर मेला क्षेत्र और बुढ़वल जंक्शन तक हर तरफ शिवभक्तों की भीड़ दिखाई दी। चारों ओर गूंजते हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष के बीच महादेवा नगरी पूरी तरह शिवमय नजर आई।