बच्चों ने लिया पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रहित का संकल्प: “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से जुड़ने का लिया प्रण

लखनऊ। राजधानी के आशियाना में चल रहे चातुर्मास वर्षायोग के अंतर्गत सोमवार को संस्कारशाला में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रहित के प्रति जागरूकता का संकल्प लिया। कार्यक्रम में पूज्य उपाध्याय श्री विहसंतसागर जी महाराज ने बच्चों को देश, समाज और प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को सदैव देश एवं समाज के हित में कार्य करना चाहिए और पर्यावरण की रक्षा के लिए अपने स्तर पर निरंतर प्रयास करने चाहिए। उन्होंने बच्चों को प्रकृति संरक्षण को जीवन का हिस्सा बनाने तथा समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।

इसी क्रम में पूज्य उपाध्याय श्री विहसंतसागर जी महाराज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से बच्चों को जोड़ा। उन्होंने सभी बच्चों को अपनी मां के नाम एक पौधा लगाने का संकल्प दिलाया। वर्षायोग समिति की ओर से कार्यक्रम में बच्चों को पौधे वितरित किए गए। बच्चों ने इन पौधों को अपनी मां के नाम लगाने और उनकी देखभाल करने का प्रण लिया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मातृ सम्मान और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी दिया गया।

पर्यावरण संरक्षण, राष्ट्रहित और सामाजिक दायित्वों के प्रति किया जागरूक

कार्यक्रम के अवसर पर जागेश जैन एवं मीना जैन की ओर से सभी बच्चों को पुरस्कार वितरित किए गए। पुरस्कार पाकर बच्चों में उत्साह देखने को मिला। आयोजन में अध्यक्ष चंद प्रकाश जैन, अजय जैन, शैलेन्द्र जैन, अखिलेश जैन, नलिन राज कासलीवाल, कैलाश चंद्र जैन, सम्यक जैन, समर्थ जैन और सिद्धार्थ जैन सहित वर्षायोग समिति के सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को पर्यावरण संरक्षण, राष्ट्रहित और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने का संदेश दिया गया।