लखनऊ में एकल अभियान की बैठक में बनी रणनीति: युवाओं को राष्ट्र निर्माण और रोजगार से जोड़ने का संकल्प

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के गोमती नगर स्थित एकल अभियान कार्यालय, विशेष खंड-2 में रविवार को एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में युवाओं को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता, देश प्रेम और शिक्षा से जोड़ने के साथ ही उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने युवा पीढ़ी को शिक्षा और कौशल के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने तथा समाज के विकास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए एकल अभियान के राष्ट्रीय संयोजक अनिल बंसल ने कहा कि वर्तमान समय में बड़ी संख्या में युवा रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे हैं। ऐसे में एकल अभियान के माध्यम से युवाओं को कौशलयुक्त बनाने के साथ-साथ उन्हें रोजगार के प्रति जागरूक करने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा को सही दिशा देकर उन्हें राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ा जा सकता है। अभियान का उद्देश्य शिक्षा के साथ युवाओं के अंदर सामाजिक जिम्मेदारी, देशप्रेम और आत्मनिर्भरता की भावना को मजबूत करना है।

वक्ताओं ने रखे अपने-अपने विचार

इस दौरान बैठक में मौजूद अन्य वक्ताओं ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने एकल अभियान की गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ युवा पीढ़ी को रोजगार और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जब युवा शिक्षित, कुशल और रोजगार के अवसरों से जुड़ेंगे, तो वे न केवल अपने परिवार को आर्थिक रूप से मजबूत करेंगे, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

इनकी रही मौजूदगी

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विशिष्ट जनों और युवाओं ने सहभागिता की। इस अवसर पर अनिल बंसल, शिवेंद्र पांडे, आनंद त्रिपाठी, रामेश्वर प्रसाद, श्याम, गिरीश मोहन श्रीवास्तव समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। बैठक के दौरान युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने को लेकर अभियान को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।