
लखनऊ। राजधानी लखनऊ स्थित जवाहर भवन में सोमवार को चौथी मंजिल पर अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। देखते ही देखते आग की लपटों और घने धुएं ने पूरे फ्लोर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे भवन में मौजूद कर्मचारियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कर्मचारियों ने तत्काल इसकी सूचना अधिकारियों और फायर ब्रिगेड को दी। करीब 10 बजे दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। घटना की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश के डिप्टी मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से राहत एवं बचाव कार्य की जानकारी ली।
कैंटीन, मलेरिया विभाग समेत कई कार्यालय चौथी मंजिल पर संचालित
इंदिरा भवन-जवाहर भवन कर्मचारी संघ के पंकज मेहरोत्रा ने बताया कि जिस चौथी मंजिल पर आग लगी है, वहां कैफेटेरिया के अलावा मलेरिया विभाग सहित कई महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय संचालित होते हैं। आग लगने के कारण पूरे फ्लोर में धुआं भर गया, जिससे कर्मचारियों को तत्काल बाहर निकाला गया। घटना के बाद पूरे भवन परिसर में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
पहले खुद बुझाने की कोशिश, फिर बेकाबू हुई आग
जवाहर भवन कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सतीश कुमार पांडे ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग की शुरुआत चौथी मंजिल पर बने कैफेटेरिया से हुई थी। सबसे पहले लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों ने भवन में मौजूद अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई और स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई। इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई। मौके पर तीन से चार दमकल गाड़ियां पहुंच चुकी हैं और लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है।
जनहानि नहीं, लेकिन भारी नुकसान की आशंका
राहत की बात यह रही कि समय रहते भवन में मौजूद सभी कर्मचारियों और अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, आग के कारण भवन में रखे फर्नीचर, दस्तावेज और अन्य सरकारी संपत्ति को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। आग लगने के कारणों का अभी तक आधिकारिक खुलासा नहीं हो सका है। दमकल विभाग की टीम आग पर पूरी तरह काबू पाने और घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।