
लखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने दुधवा क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और वन्यजीवों का आनंद लेने वाले पर्यटकों के लिए विशेष सुविधा शुरू की है। इसके तहत मैलानी-बिछिया-मैलानी रेलखंड पर एमजी टूरिस्ट एसी चेयर कार का संचालन किया जा रहा है। यह विशेष पर्यटक ट्रेन सप्ताह में दो दिन शनिवार और रविवार को चलेगी, जिससे यात्रियों को आरामदायक, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिलेगा।
रेलवे के मुताबिक गाड़ी संख्या 52260 (मैलानी-बिछिया) शनिवार और रविवार को सुबह 06:05 बजे मैलानी जंक्शन से रवाना होगी। यह ट्रेन भीराखेरी, पलिया कलां, दुधवा, बेलरायां, तिकुनिया, खैरतिया बांध रोड (हाल्ट) और मंझरा पुरब स्टेशनों पर रुकते हुए सुबह 10:30 बजे बिछिया स्टेशन पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 52259 (बिछिया-मैलानी) शनिवार और रविवार को 11:45 बजे बिछिया स्टेशन से प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन मंझरा पुरब, खैरतिया बांध रोड (हाल्ट), तिकुनिया, बेलरायां, दुधवा, पलिया कलां और भीराखेरी स्टेशनों पर ठहराव करते हुए शाम 04:10 बजे मैलानी जंक्शन पहुंचेगी।

60 सीटों वाली एसी चेयर कार, किराया 270 रुपये
इस विशेष ट्रेन में 60 सीटों की क्षमता वाला एक टूरिस्ट एसी चेयर कार लगाया गया है। मैलानी से बिछिया और वापस मैलानी तक पूरे सफर का किराया 270 रुपये निर्धारित किया गया है। यात्री इस ट्रेन की टिकट रेलवे के पीआरएस काउंटर या आईआरसीटीसी की वेबसाइट के माध्यम से आसानी से बुक कर सकते हैं।

पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा, समय रहते टिकट बुक कराने की अपील
लखनऊ मंडल का मानना है कि इस विशेष टूरिस्ट ट्रेन के संचालन से दुधवा क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। पर्यटकों को आरामदायक और सुरक्षित यात्रा के साथ-साथ दुधवा के वन्यजीवों और प्राकृतिक सौंदर्य को करीब से देखने का अवसर मिलेगा। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे समय रहते अपनी टिकट बुक कर इस विशेष पर्यटक सेवा का लाभ उठाएं।