लखनऊ मंडल के स्टेशनों पर लग रहीं ‘लखन खजाना’ वेंडिंग मशीनें: यात्रियों को 24×7 मिलेगी स्नैक्स और पेय पदार्थों की सुविधा

लखनऊ। यात्रियों की सुविधाओं में बढ़ोतरी और डिजिटल भुगतान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर कुल 25 ऑटोमेटिक वेंडिंग मशीनें ‘लखन खजाना’ नाम से स्थापित की जा रही हैं। इन मशीनों के माध्यम से यात्रियों को स्नैक्स और पेय पदार्थों की उपलब्धता 24 घंटे और सातों दिन सुनिश्चित होगी, जिससे उन्हें स्टेशन परिसर में आवश्यक खाद्य सामग्री के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।

लखनऊ जंक्शन समेत कई स्टेशनों पर मशीनें हुईं संचालित

रेल प्रशासन के अनुसार, मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में एक, लखनऊ जंक्शन पर चार, ऐशबाग जंक्शन पर एक तथा डालीगंज जंक्शन पर एक ऑटोमेटिक वेंडिंग मशीन वर्तमान में संचालित हो चुकी हैं। आगामी चरणों में शेष मशीनों को भी विभिन्न स्टेशनों पर स्थापित किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक यात्रियों को इस सुविधा का लाभ मिल सके।

यूपीआई आधारित कैशलेस भुगतान से बढ़ेगी पारदर्शिता

मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने बताया कि एटीएम की तरह कार्य करने वाली ये आधुनिक वेंडिंग मशीनें यूपीआई आधारित कैशलेस भुगतान की सुविधा प्रदान करेंगी। इससे नकद लेन-देन की आवश्यकता कम होगी, भीड़भाड़ में कमी आएगी और भुगतान प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी। उन्होंने कहा कि स्टेशन के कॉनकोर्स, प्लेटफॉर्म और प्रवेश द्वार जैसे प्रमुख स्थानों पर मशीनें लगाए जाने से यात्रियों को त्वरित और सुविधाजनक सेवा मिल सकेगी।

‘डिजिटल इंडिया’ और ‘सुगम यात्रा’ अभियान को मिलेगा बल

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ‘लखन खजाना’ परियोजना ‘डिजिटल इंडिया’ और ‘सुगम यात्रा’ की अवधारणा को मजबूत करने की दिशा में लखनऊ मंडल का एक अहम कदम है। ‘लखन खजाना’ नाम मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के अनुज श्रीलक्ष्मण के प्रति लखनऊवासियों के स्नेह और सम्मान का प्रतीक है। यह पहल न केवल यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगी, बल्कि रेलवे स्टेशनों पर डिजिटल और स्मार्ट सेवाओं के विस्तार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।