
लखनऊ। कॉमेडी, एक्शन और मनोरंजन से भरपूर फिल्म वेलकम टू द जंगल का 4 मिनट से अधिक लंबा ट्रेलर रिलीज होते ही चर्चा का केंद्र बन गया है। ट्रेलर सिर्फ फिल्म की कहानी की झलक नहीं दिखाता, बल्कि 34 प्रमुख कलाकारों की ऐसी भव्य मौजूदगी पेश करता है, जिसे भारतीय सिनेमा में अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड माना जा रहा है। ट्रेलर में हर कुछ सेकंड पर नया किरदार और नया ट्विस्ट देखने को मिलता है, जो दर्शकों को अंत तक बांधे रखने में सफल नजर आता है।
फिल्म में बॉलीवुड के खिलाड़ी और एक्टर अक्षय कुमार पूरे घटनाक्रम के केंद्र में दिखाई देते हैं और ट्रेलर में उनकी मौजूदगी कहानी को आगे बढ़ाती नजर आती है। वहीं सुनील शेट्टी और अरशद वारसी, उदय और मजनू के छोटे भाइयों के किरदार में कॉमिक अंदाज में दर्शकों का मनोरंजन करते दिखाई देते हैं। दोनों कलाकारों की टाइमिंग और संवाद अदायगी ट्रेलर की खासियत बनकर उभरती है, जिससे फिल्म में हास्य का स्तर और बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
कॉमेडी के दिग्गज कलाकारों ने संभाली हंसी की कमान
फिल्म की सबसे बड़ी ताकत इसकी विशाल कॉमिक स्टारकास्ट मानी जा रही है। परेश रावल, जॉनी लीवर, राजपाल यादव, तुषार कपूर, श्रेयस तलपड़े, कृष्णा अभिषेक और कीकू शारदा जैसे कलाकार ट्रेलर में अपने-अपने अंदाज से हंसी का तड़का लगाते नजर आते हैं। इन सभी कलाकारों की मौजूदगी से साफ संकेत मिलता है कि फिल्म में हास्य और मनोरंजन का भरपूर डोज मिलने वाला है।
ग्लैमर और एक्शन का भी भरपूर तड़का
ट्रेलर में बॉलीवुड एक्ट्रेस रवीना टंडन, लारा दत्ता, दिशा पटानी और जैकलीन फर्नांडिस अपनी दमदार स्क्रीन प्रेजेंस के साथ फिल्म में ग्लैमर का रंग भरती दिखाई देती हैं। वहीं जैकी श्रॉफ एक प्रभावशाली खलनायक की भूमिका में नजर आते हैं, जिनकी मौजूदगी कहानी में रोमांच और टकराव को और मजबूत बनाती है।
अनुभवी कलाकारों की मौजूदगी ने बढ़ाया फिल्म का कद
फिल्म में फरीदा जलाल, आफताब शिवदासानी, शारिब हाशमी, मुकेश तिवारी, यशपाल शर्मा, ज़ाकिर हुसैन, पुनीत इस्सर, फिरोज़ खान और दलेर मेहंदी जैसे अनुभवी कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देते हैं। इन कलाकारों की मौजूदगी फिल्म को और अधिक व्यापक और मजबूत बनाती है।
भारतीय सिनेमा का सबसे बड़ा स्टार-स्टडेड ट्रेलर होने का दावा
ट्रेलर के अंत तक यह स्पष्ट हो जाता है कि निर्माता फिरोज़ ए. नाडियाडवाला और निर्देशक अहमद खान ने केवल एक फिल्म बनाने तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि एक विशाल सिनेमाई संसार खड़ा करने का प्रयास किया है। 34 कलाकारों से सजे इस ट्रेलर को भारतीय सिनेमा के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा स्टार-स्टडेड ट्रेलर माना जा रहा है। यही विशेषता वेलकम टू द जंगल को अन्य फिल्मों से अलग पहचान दिलाती है और दर्शकों के बीच इसकी चर्चा को लगातार बढ़ा रही है।