
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल के दमदम में शुक्रवार को आयोजित रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य में बदलाव की लहर चल रही है और टीएमसी का “दिया अब बुझने वाला है।” पीएम ने अपने संबोधन में कहा कि जब कोई दिया बुझता है तो वह फड़फड़ाता है, और बंगाल में यही स्थिति टीएमसी की है। उन्होंने दावा किया कि पहले चरण के मतदान ने इस बदलाव पर मुहर लगा दी है और आने वाले चरणों में यह रुझान और मजबूत होगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने महिला आरक्षण और सुरक्षा के मुद्दे पर भी भारतीय जनता पार्टी की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि पार्टी बेटियों के सपनों को कुचलने नहीं देगी और महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उनके अनुसार, भाजपा सरकार बनने पर महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
4 मई को बनेगी सरकार: शाह
इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि 4 मई को बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि राज्य का अगला मुख्यमंत्री “यहीं की मिट्टी से जुड़ा होगा” और इशारों में टीएमसी नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि “दीदी का भतीजा” मुख्यमंत्री नहीं बनेगा।
पहले चरण में रिकॉर्ड मतदान, दूसरे चरण की तैयारी
बंगाल में गुरुवार को पहले चरण में 152 सीटों पर 92.72% का रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया। अब दूसरे चरण के लिए 29 अप्रैल को वोटिंग होनी है, जबकि चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे। चुनावी माहौल में सभी दल अपनी पूरी ताकत झोंक रहे हैं।
कई जिलों में टीएमसी खाता भी नहीं खोलेगी
जाधवपुर में एक अन्य रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पहले चरण के मतदान से साफ संकेत मिल रहे हैं कि कई जिलों में टीएमसी अपना खाता भी नहीं खोल पाएगी। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि दूसरे चरण में वे “टीएमसी की पक्की हार” और “विकसित बंगाल” के संकल्प पर मुहर लगाएं। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा की जीत राज्य में तेज विकास का नया दौर लेकर आएगी और 29 अप्रैल का मतदान बंगाल के भविष्य के लिए निर्णायक होगा।
अपराध और कानून-व्यवस्था पर सख्त रुख
पीएम मोदी ने टीएमसी सरकार पर आरोप लगाया कि उसके शासन में अपराधियों और गुंडों को संरक्षण मिला है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध, खासकर बलात्कार जैसी घटनाओं के दोषियों को सख्त सजा दी जाएगी। भाजपा सरकार में कोई भी अपराधी सुरक्षित नहीं रहेगा और “सबका हिसाब होगा”, यह उन्होंने अपनी “गारंटी” बताया।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जिक्र, वैचारिक जुड़ाव पर जोर
इस दौरान पीएम मोदी ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा की बुनियाद में बंगाल के विचार और योगदान शामिल हैं। उन्होंने याद दिलाया कि मुखर्जी के विचार “दो विधान, दो निशान, दो प्रधान नहीं चलेंगे” को आगे बढ़ाते हुए उनकी सरकार ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाया और पूरे देश में एक संविधान लागू किया।
मध्यम वर्ग को साधने की कोशिश, टैक्स राहत का जिक्र
पीएम मोदी ने मध्यम वर्ग को लेकर भी कई घोषणाएं और दावे किए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर मध्यम वर्ग के हितों को प्राथमिकता दी जाएगी और उनका जीवन आसान बनाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि 2014 से पहले 2 लाख रुपये तक की आय पर टैक्स लगता था, जबकि अब 12 लाख रुपये तक की सालाना आय को टैक्स से मुक्त किया गया है, जो मध्यम वर्ग को राहत देने की दिशा में बड़ा कदम है।