गणतंत्र दिवस परेड के लिए दिल्ली-पंजाब की झांकी रिजेक्ट होने पर भड़के भारद्वाज, बोले – AAP से बदला ले रही है केंद्र सरकार

स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा नीत केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी एवं सीमावर्ती राज्य (पंजाब) में शासन कर रही आम आदमी पार्टी (आप) से ‘बदला लेने के लिए’ गणतंत्र दिवस परेड के लिए दिल्ली एवं पंजाब की झांकियां खारिज कर दी हैं। भारद्वाज ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि केंद्र ने तीन सालों से दिल्ली की झांकियों को इस परेड में शामिल नहीं किया। अधिकारियों के अनुसार गणतंत्र दिवस परेड में आखिरी बाद 2021 में दिल्ली की झांकी को जगह मिली थी। उसमें शाहजहांनाबाद पुनर्विकास परियोजना को दर्शाया गया था।

भारद्वाज ने कहा कि इस साल दिल्ली की झांकी में शहर के विद्यालयों एवं मोहल्ला क्लीनिक मॉडल को प्रदर्शित किया जाना था। मंत्री ने कहा, ‘‘देश की राजधानी दिल्ली की झांकी को केंद्र ने खारिज कर दिया। उसकी झांकी को 2022, 2023 और अब फिर 2024 की परेड के लिए खारिज कर दिया गया।” उन्होंने कहा कि 2023 में गणतंत्र दिवस परेड के वास्ते दिल्ली की झांकी का विषय ‘नारी शक्ति’ था और 2024 की परेड के लिए झांकी का विषय ‘विकसित भारत’ था।