कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का 84वां जन्मदिन, पीएम मोदी समेत सभी दलों के नेताओं ने लंबी आयु की कामना की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, ओम बिरला, राजनाथ सिंह और विपक्षी नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष को दी जन्मदिन की शुभकामनाएं; सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों में योगदान को सराहा

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के 84वें जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेताओं की शुभकामनाएं
मल्लिकार्जुन खरगे के 84वें जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।

नई दिल्ली/अमर भारती। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे आज अपना 84वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई प्रमुख नेताओं ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मल्लिकार्जुन खरगे को बधाई देते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की। पीएम मोदी ने लिखा कि राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने ईश्वर से खरगे के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की प्रार्थना की।

ओम बिरला और राजनाथ सिंह ने भी दी शुभकामनाएं

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी सोशल मीडिया के जरिए मल्लिकार्जुन खरगे को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने खरगे के उत्तम स्वास्थ्य, प्रसन्नता और मंगलमय जीवन की कामना की। वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी कांग्रेस अध्यक्ष को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे दीर्घायु हों और स्वस्थ जीवन व्यतीत करें।

कांग्रेस नेताओं ने बताया प्रेरणास्रोत

कांग्रेस नेता शैलजा कुमारी ने भी मल्लिकार्जुन खरगे को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खरगे के लंबे सार्वजनिक जीवन और सामाजिक न्याय, संवैधानिक मूल्यों तथा जनसेवा के प्रति उनके समर्पण की सराहना की। शैलजा कुमारी ने कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे का राजनीतिक जीवन और उनका नेतृत्व कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि खरगे के नेतृत्व में कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए लगातार काम करती रहेगी। उन्होंने खरगे के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर ऊर्जा की कामना की, ताकि वह इसी समर्पण के साथ राष्ट्र सेवा करते रहें।

यूपी कांग्रेस ने भी दी बधाई

उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मल्लिकार्जुन खरगे को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। पार्टी ने उन्हें कुशल संगठनकर्ता और करोड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रेरणास्रोत बताया। यूपी कांग्रेस ने कहा कि सामाजिक न्याय, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए खरगे का समर्पण और उनका लंबा राजनीतिक सफर सभी के लिए मार्गदर्शक है। पार्टी ने उनके स्वस्थ, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना की।

समाजवादी पार्टी ने भी किया शुभकामना संदेश पोस्ट

समाजवादी पार्टी ने भी कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। सपा ने अपने संदेश में खरगे के दीर्घायु होने और हमेशा स्वस्थ एवं प्रसन्न रहने की कामना की। मल्लिकार्जुन खरगे को जन्मदिन पर मिले इन शुभकामना संदेशों में राजनीतिक मतभेदों के बावजूद लोकतांत्रिक संस्थाओं में उनके योगदान और लंबे सार्वजनिक जीवन की सराहना देखने को मिली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर विपक्षी दलों और कांग्रेस नेताओं तक, कई प्रमुख नेताओं ने उन्हें स्वस्थ, दीर्घायु और सक्रिय जीवन की शुभकामनाएं दीं।

यहां भी पढ़ें-

Tripura DGP Death: पुलिस मुख्यालय में मिला DGP अनुराग का शव, संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

जवाहर भवन की चौथी मंजिल पर भीषण आग: कई दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं, मौके पर पहुंचे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक