राहुल गांधी की अध्यक्षता में हुई बैठक: आवास-पेंशन, जल जीवन मिशन और राष्ट्रीय राजमार्गों की प्रगति पर हुई विस्तृत चर्चा

रायबरेली। कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति ‘दिशा’ की महत्वपूर्ण बैठक सांसद रायबरेली एवं दिशा समिति के अध्यक्ष राहुल गांधी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान सांसद अमेठी एवं दिशा समिति के सह-अध्यक्ष किशोरी लाल, प्रदेश के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति विभाग के मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय तथा उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह सहित जनप्रतिनिधि एवं जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में डीएम सरनीत कौर ब्रोका ने जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति से संबंधित विभिन्न योजनाओं का बिंदुवार प्रस्तुतीकरण किया। इस दौरान महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा), प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं शहरी, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना, राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना, राष्ट्रीय निराश्रित महिला पेंशन योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, मध्यान्ह भोजन योजना, समेकित बाल विकास कार्यक्रम, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, समग्र शिक्षा अभियान, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, अवस्थापना संबंधी कार्यक्रम, समन्वित ऊर्जा विकास कार्यक्रम, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, जल प्रबंधन कार्यक्रम, सुकन्या मंगल योजना, एक जिला एक उत्पाद, राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम, खेलो इंडिया, सुगम्य भारत अभियान, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना एवं प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना सहित अन्य योजनाओं की प्रगति पर गंभीरता से चर्चा की गई।

शत-प्रतिशत पात्र लोगों को मिले आवास का लाभ

सांसद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं शहरी की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के तहत जिले के शत-प्रतिशत पात्र लाभार्थियों को आवास का लाभ सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन, राष्ट्रीय निराश्रित महिला पेंशन एवं दिव्यांग पेंशन योजनाओं की भी समीक्षा की और निर्देश दिया कि सभी पात्र लाभार्थियों को पेंशन की किस्त समय से उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

जल निकायों के पुनरुद्धार और हर घर नल से जल पर जोर

जल निकायों की मरम्मत, नवीनीकरण एवं पुनरुद्धार के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराने के निर्देश भी बैठक में दिए गए। जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए सांसद ने जिले के शत-प्रतिशत घरों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराने पर जोर दिया। उन्होंने निर्माणाधीन योजनाओं को निर्धारित समय में पूरा कराने के निर्देश देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाई जाए।

ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर सड़क दुर्घटनाओं पर लगे रोक

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अंतर्गत संचालित राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण एवं प्रगति की भी समीक्षा की गई। सांसद ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर दुर्घटना संभावित स्थानों यानी ब्लैक स्पॉट का चिन्हांकन कर वहां आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ऐसे स्थानों पर जरूरी इंतजाम किए जाएं, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को प्रभावी ढंग से रोका जा सके। इसके साथ ही सड़कों की मरम्मत एवं निर्माण कार्यों से संबंधित जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने के निर्देश भी दिए गए।

जनसमस्याओं के समयबद्ध समाधान पर दिया जोर

बैठक में जनप्रतिनिधियों ने जनसुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों, समस्याओं और सुझावों को अधिकारियों के समक्ष रखा। सांसद ने संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। विकास योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार कर उसके अनुसार कार्य करने की जरूरत है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया, ताकि रायबरेली को विकास के क्षेत्र में अग्रणी जनपद बनाया जा सके।

पिछली दिशा बैठक के अनुपालन की भी हुई समीक्षा

सांसद ने पूर्व में आयोजित दिशा समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की आख्या की भी समीक्षा की। अधिकारियों द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी लेने के बाद उन्होंने अनुपालन की स्थिति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने निर्देश दिया कि बैठक में दिए गए निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाए और विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न हो।

ये रहे मौजूद

बैठक में जिला पंचायत की प्रशासक रंजना चौधरी, एमएलसी अमेठी गोविन्द नारायण शुक्ला, विधायक सलोन अशोक कुमार, विधायक बछरावां श्याम सुन्दर भारती, विधायक हरचन्दपुर राहुल राजपूत, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार, मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, डीएफओ प्रखर मिश्रा, प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी मनोज कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विशाल कुमार यादव, परियोजना निदेशक मुनेश चन्द्र, उपायुक्त श्रम रोजगार प्रमोद सिंह, जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह सहित संबंधित जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।