
लखनऊ। राजधानी के गुडंबा थानाक्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई। जहां 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान श्यामू रावत के रूप में हुई है, जो टेंट मजदूर के तौर पर काम करता था। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने किसान यूनियन के साथ मिलकर श्मशान घाट के पास प्रदर्शन किया और मुआवजे की मांग उठाई। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया।
सरोजनीनगर के बेहटवा गांव में हुआ हादसा
यह हादसा सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के बेहटवा गांव में हुआ, जहां सोमवार से भागवत कथा का आयोजन शुरू होना था। गुडंबा थाना क्षेत्र के सेक्टर-के छोटा पहाड़पुर निवासी 36 वर्षीय श्यामू रावत कथा स्थल पर टेंट लगाने का काम कर रहा था। दोपहर करीब 2 बजे वह लोहे की सीढ़ी पर चढ़कर टेंट का पाइप लगा रहा था, तभी तेज हवा के झोंके के कारण पाइप पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइन से छू गया। करंट लगते ही श्यामू बुरी तरह झुलस गया।
मौत के बाद परिजनों का हंगामा, मुआवजे की मांग
हादसे के बाद श्यामू की मौत हो गई, जिससे परिजनों में आक्रोश फैल गया। गुडंबा इलाके के सेक्टर-जे निवासी मृतक के परिवार ने किसान यूनियन के साथ मिलकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। श्मशान घाट के पास धरना देकर परिजनों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की। हंगामा बढ़ता देख गुडंबा इंस्पेक्टर अंजनी कुमार मिश्रा समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचे और नाराज परिजनों को शांत कराया। तो वहीं परिजन मुआवजे की मांग पर अड़े हुए हैं। मामले को देखते हुए बिजली विभाग और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है।