बाबा साहब के विचार गांव-गांव तक: मंत्री ए.के. शर्मा ने जयंती पर दिया समरसता का संदेश

लखनऊ, 14 अप्रैल 2026। ए.के. शर्मा ने अंबेडकर जयंती के अवसर पर जनपद मऊ में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेते हुए डॉ. भीमराव अंबेडकर को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने जवाहिरपुर, रामपुर छतहरा, मारूखपुर, मर्यादपुर, तीनहरी, रसूलपुर, कांठतराव, सूरजपुर और सहरोज समेत कई गांवों में पहुंचकर स्थानीय लोगों के साथ इस अवसर को साझा किया।
कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि बाबा साहब केवल संविधान निर्माता ही नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता और मानवाधिकारों के महान प्रतीक थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज के वंचित और शोषित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बाबा साहब के आदर्शों को अपने जीवन में उतारें और समाज से भेदभाव व असमानता को समाप्त करने के लिए मिलकर प्रयास करें।
मंत्री ने युवाओं से विशेष रूप से शिक्षा को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिससे समाज में वास्तविक परिवर्तन लाया जा सकता है। बाबा साहब के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और उन्हें जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार बाबा साहब के सपनों को साकार करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” की नीति के तहत योजनाओं को अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।
मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना और “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” जैसे कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं के जरिए गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्गों को सीधे लाभ मिल रहा है। इससे उनके जीवन स्तर में सुधार हो रहा है और सामाजिक सशक्तिकरण को बढ़ावा मिल रहा है।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने क्षेत्रीय विकास से जुड़ी कई मांगें भी रखीं। इस पर मंत्री ए.के. शर्मा ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए अंबेडकर पार्क के निर्माण और एक पुस्तकालय की स्थापना का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं को शिक्षा और प्रेरणा का केंद्र मिलेगा, साथ ही बाबा साहब के विचारों को स्थायी रूप से संरक्षित किया जा सकेगा।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही। सभी ने बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।