
लखनऊ। नगर निगम लखनऊ द्वारा शहर और आसपास के क्षेत्रों में सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई की गई। इस अभियान के अंतर्गत ग्राम मस्तेमऊ, तहसील सरोजनी नगर क्षेत्र में अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए करीब 1.113 हेक्टेयर सरकारी भूमि को मुक्त कराया गया। बता दें कि मुक्त कराई गई भूमि की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 10 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई नगर आयुक्त लखनऊ गौरव कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है। अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव के निर्देश पर सहायक नगर आयुक्त एवं प्रभारी अधिकारी (सम्पत्ति) रामेश्वर प्रसाद और तहसीलदार नगर निगम अरविन्द पाण्डेय द्वारा गठित टीम ने मौके पर पहुंचकर अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
बाउंड्रीवाल बनाकर कब्जा करने का प्रयास
नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, ग्राम मस्तेमऊ (तहसील मोहनलालगंज) स्थित गाटा संख्या 1151 (क्षेत्रफल 0.721 हे०), 1150 (0.316 हे०) तथा 1170 मि (0.076 हे०) की भूमि राजस्व अभिलेखों में नवीन परती के रूप में दर्ज है। इन शासकीय भूमियों पर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से बाउंड्रीवाल बनाकर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था, जिससे नगर निगम की संपत्ति को नुकसान पहुंच रहा था।
कुल 1.113 हेक्टेयर बेशकीमती सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त
सूचना मिलने पर नगर निगम की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके का निरीक्षण किया और जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध रूप से बनाई गई बाउंड्रीवाल को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान टीम का नेतृत्व नायब तहसीलदार तेजस्वी प्रकाश ने किया। अभियान में नगर निगम के लेखपाल राजू सोनी ने भी सहयोग करते हुए आवश्यक राजस्व अभिलेख और जानकारी उपलब्ध कराई। नगर निगम के अनुसार, इस कार्रवाई के तहत कुल 1.113 हेक्टेयर बेशकीमती सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया है। यह भूमि भविष्य में जनहित के कार्यों और विकास परियोजनाओं के लिए उपयोगी साबित हो सकती है।