दिल्ली में सुबह-सुबह धूप खिली

अमर भारती :दिल्ली में बृहस्पतिवार को सुबह की शुरुआत खुशनुमा मौसम के साथ हुई। सुबह-सुबह धूप खिलने के साथ न्यूनतम तापमान मौसम के औसत से एक डिग्री अधिक नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, सुबह साढ़े आठ बजे तक नमी का स्तर 80 प्रतिशत दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों ने दिन में आसमान साफ रहने और 20-25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का अनुमान जताया है। उन्होंने कहा, आसमान साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। उत्तर भारत में मौसम के चलते रेल सेवाएं बाधित हैं। 19 ट्रेनें चार घंटे तक की देरी से चल रही हैं। बुधवार को शहर में न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 17.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।