
रिपोर्ट: वाराणसी /प्रवेश सिंह,
वाराणसी। मनीष सिंह हत्याकांड को लेकर शुक्रवार को वाराणसी में माहौल गरमाया रहा। समर्थकों और करनी सेना के कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। संभावित विरोध-प्रदर्शन और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला मुख्यालय, कचहरी परिसर और अन्य संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।
जिला मुख्यालय पर पैरामिलिट्री फोर्स समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती रही। आने-जाने वाले लोगों की निगरानी के साथ संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती गई। कचहरी परिसर में भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में दिखाई दी।
इसी बीच मनीष सिंह हत्याकांड को लेकर परिजनों ने पुलिस कमिश्नर और जिलाधिकारी से मुलाकात कर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

अधिकारियों ने परिवार को आश्वासन दिया कि मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ जल्द कठोर कार्रवाई की जाएगी। सूत्रों के अनुसार आरोपियों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की तैयारी चल रही है। राजस्व विभाग द्वारा संबंधित मकानों पर नोटिस भी चस्पा किए जा चुके हैं।
वहीं करनी सेना के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को देखते हुए कई नेताओं को नजरबंद किए जाने की चर्चाएं भी रहीं। जानकारी के मुताबिक लखनऊ में करनी सेना के प्रदेश अध्यक्ष राकेश रघुवंशी को हाउस अरेस्ट किए जाने की बात सामने आई, हालांकि पुलिस अधिकारियों ने किसी भी प्रकार की नजरबंदी से साफ इनकार किया है।
कचहरी परिसर में भारी पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती को लेकर भी दिनभर चर्चाएं होती रहीं। इस पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुक्रवार होने और सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर अतिरिक्त बल बुलाया गया था। अधिकारियों के अनुसार कचहरी संवेदनशील क्षेत्र होने के कारण वहां समय-समय पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया जाता है तथा इसका मनीष सिंह हत्याकांड से सीधा संबंध नहीं है।