
पंकज चतुर्वेदी
बाराबंकी। विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को उपजिलाधिकारी रामनगर आकांक्षा गुप्ता को ज्ञापन सौंपकर श्रावण माह के दौरान सड़क किनारे खुलेआम मांस एवं मांसाहार की बिक्री पर आवश्यकतानुसार नियमानुसार कार्रवाई कराने की मांग की। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि श्रावण माह हिंदू धर्म का अत्यंत पवित्र समय होता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव की आराधना, व्रत एवं कांवड़ यात्रा में भाग लेते हैं। ऐसे में सार्वजनिक स्थानों और प्रमुख मार्गों पर खुलेआम मांस एवं मांसाहार की बिक्री से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है।
बजरंग दल के जिला सह संयोजक विनय वर्मा ने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से महिलाओं एवं बहन-बेटियों की सुरक्षा, मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा तथा प्रमुख मार्गों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर मंदिरों के मार्ग में मदिरा एवं मांस की दुकानें संचालित होने के कारण महिलाओं के साथ अभद्रता एवं अप्रिय घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ऐसे संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जानी चाहिए, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में पूजा-अर्चना कर सकें।
धार्मिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर दिया जोर
ज्ञापन में तहसील क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले संबंधित थाना क्षेत्रों में श्रावण माह के दौरान सड़क किनारे खुलेआम मांस एवं मांसाहार की बिक्री पर आवश्यकतानुसार प्रतिबंधात्मक एवं नियमानुसार कार्रवाई कराने की मांग की गई। संगठन का कहना है कि इससे धार्मिक सौहार्द, जनभावनाओं का सम्मान तथा क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहायता मिलेगी।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस अवसर पर बजरंग दल के जिला सह सेवा प्रमुख विनय मिश्रा, प्रचार-प्रसार प्रमुख सुमित्रा प्रसाद, प्रखंड अध्यक्ष रमाकांत, प्रखंड संयोजक श्रीकांत, राघवेंद्र त्रिपाठी, अमरीश वर्मा, विनोद सिंह, पवन, विमलेश पांडे, शिवम मौर्य, विजय मौर्य, करन वर्मा, सुनील गौतम सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।